भोजीपुरा। आचार संहिता लागू होने के बाद रविवार को भोजीपुरा के दिव्यानंद आश्रम में भीड़ जुटाकर कंबल वितरण और दावत के मामले में विधायक बहोरन लाल मौर्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आचार संहिता उल्लंघन और महामारी अधिनियम के तहत दर्ज की गई इस रिपोर्ट में दिव्यानंद आश्रम समेत अन्य को भी आरोपी बनाया गया है।
भोजीपुरा के दिव्यानंद आश्रम में रविवार को कंबल वितरण और दावत की गई थी। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की मौजूदगी में भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल मौर्य ने कंबल बांटे। सोशल मीडिया पर खाने और कंबल वितरण के फोटो, वीडियो वायरल हुए तो प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र ने भोजीपुरा पुलिस को मौके पर भेजकर जांच कराई, लेकिन पुलिस ने वहां कोई कार्यक्रम न होने की रिपोर्ट दे दी। बाद में एसडीएम ने वीवीटी (वीडियो व्यूइंग टीम) से वायरल वीडियो की जांच कराई तो मामला सही पाया गया। इसके बाद सोमवार को भोजीपुरा के खंड विकास अधिकारी अतुल यादव ने इस मामले में विधायक बहोरन लाल मौर्य, दिव्यानंद आश्रम और अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोप लगाया गया है कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान बिना अनुमति आयोजन करके भीड़ जुटाई गई।
कार्यक्रम में मौजूद सांसद को बचाया
वायरल वीडियो में सांसद संतोष गंगवार भी मंच पर बैठे साफ नजर आ रहे हैं, लेकिन रिपोर्ट में उनके नाम का कोई जिक्र नहीं किया गया है। इसके चलते आचार संहिता उल्लंघन के मामले में की गई कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
15 जनवरी तक है रैली और सभाओं पर रोक
आचार संहिता की घोषणा होने के साथ ही चुनाव आयोग ने 15 जनवरी तक पदयात्रा, जनसभा और फिजिकल चुनावी रैली करने पर रोक लगाई है। किसी भी नुक्कड़ सभा का आयोजन भी नहीं किया जा सकेगा। सिर्फ पांच लोगों को डोर-टू-डोर वोट मांगने की छूट दी गई है।