सिरौली। बुधवार को खंभा लगवाने गई पुलिस और बिजली विभाग की टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने जेई की तहरीर पर दो महिलाओं, तीन लड़कियों समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बिजली निगम के जेई जगदीश वर्मा ने बताया कि सिरौली के मोहल्ला कौआ टोला के उवेश की शिकायत पर एसडीओ विशाल वर्मा, लाइनमैन और पुलिस टीम के साथ बिजली का खंभा लगवाने के लिए गए थे। महिलाओं समेत कुछ लोगों ने एकजुट होकर खंभा नहीं लगाने दिया। गाली-गलौज कर टीम पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जान से मारने का प्रयास किया।
धक्का-मुक्की में थाने से गए दरोगा विवेक कुमार भी चोटिल हो गए। जेई की तहरीर पर पुलिस ने मोहम्मद शफी, पत्नी नसीम, नाहिद, गुलरेज, दोनों बेटियों के अलावा बेटा अरबाज, भाई शब्बीर, उनकी पत्नी नूरजहां, बेटी निशा, बेटा अनस के अलावा भाई जहीर के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने व जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है।
इधर, इंस्पेक्टर प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा। संवाद