बरेली। भाजपा के कैंट प्रत्याशी संजीव अग्रवाल और उनके समर्थकों के खिलाफ कोतवाली में आचार संहिता उल्लंघन और महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फ्लाइंग स्क्वाड टीम की रिपोर्ट के बाद यह एफआईआर कोतवाली के एसआई रामवीर सिंह ने दर्ज कराई है।
कोविड को लेकर चुनाव कार्यक्रमों और भीड़ जुटाने पर रोक लगी है। इसके बावजूद भाजपा के प्रदेश सहकोषाध्यक्ष एवं कैंट प्रत्याशी संजीव अग्रवाल ने टिकट घोषित होने के बाद सोमवार को कार्यालय खोला और वहां तमाम लोगों की भीड़ जुटाई। सूचना पर फ्लाइंग स्क्वाड टीम मौके पर पहुंची तो वहां तमाम झंडे-बैनर लगे थे और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। इस पर टीम ने झंडे बैनर उतारकर कार्यकर्ताओं को वहां से हटा दिया। साथ ही धारा 144 और कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन की रिपोर्ट बनाकर एसीएम प्रथम को भेजी थी। इस पर एसीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंगलवार को इस मामले में प्रत्याशी संजीव अग्रवाल समेत अन्य के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।