नवाबगंज। उपचार के दौरान विवाहिता की मौत के मामले में पिता ने ससुराल वालों के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना हाफिजगंज के बढ़पुरा गांव के पवन कुमार का विवाह नवाबगंज के हरदुआ गांव के होमगार्ड शिव कुमार की बेटी शीतल के साथ 23 जून 2023 को हुआ था। कुछ समय बाद ही ससुराल वाले कार और दो लाख रुपये मांगने लगे। मना करने पर उसे प्रताड़ित करने लगे। चार दिन पहले शीतल का भाई अमित उसे मायके से ससुराल छोड़ने गया था। अगले ही दिन शाम को शीतल ने पति पवन से कहासुनी के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 30 जनवरी को उपचार के दौरान मौत हो गई।
नायब तहसीलदार रजनीश सक्सेना और सीओ हर्ष मोदी ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। बृहस्पतिवार को शिव कुमार ने पवन कुमार, ससुर नत्थूलाल, देवर सुशील कुमार, ननद पूनम व दीपा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद