अलीगंज। खैलम गांव में चार दिन पूर्व संदिग्ध हालात में हुई विवाहिता की मौत के मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।
थाना देवरनियां के गांव सिंतरा मिलक के आसिफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फरवरी 2022 को उसने अपनी बहन कहकशा का निकाह थाना अलीगंज के गांव खैलम के गौस मोहम्मद पुत्र नरवर खान से किया था। अतिरिक्त दहेज को लेकर उसे पति गौस मोहम्मद, उसकी मां सरबरी बेगम, बहन मेहनाज, बड़ा भाई जान मोहम्मद खान, बहनोई हनीफ प्रताड़ित कर रहे थे। इस बीच वह बहन के ससुराल पक्ष के लोगों को 50-50 हजार रुपये भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराली पक्ष के लोग एक लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे।
आसिफ ने आरोप लगाया था कि दो मई की रात आरोपियों ने बहन को खाने में जहर देकर मार दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजित राम ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की बात स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसलिए विसरा को सुरक्षित कर लिया गया है। मृतका के भाई आसिफ अली की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मामला पंजीकृत किया गया है।