विकास कार्यों में हुई अनियमितताओं की शिकायत पर महिला सभासद ने लगाया अभद्रता का आरोप
विज्ञापन
आंवला। नगर पालिका बोर्ड की बैठक के बाद महिला सभासद अनुप्रिया मौर्य व उनके पति दिनेश मौर्य से अभद्रता करने के आरोप में शुक्रवार को नगर पालिका चेयरमैन आबिद अली के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
सभासद अनुप्रिया के साथ थाने पहुंचे दिनेश मौर्य ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को बोर्ड की विशेष बैठक के समापन के बाद जब वह पत्नी के साथ दरवाजे से बाहर निकल रहे थे तो चेयरमैन ने पिछले दिनों विकास कार्यों में हुई अनियमितताओं की शिकायत के मामले में अभद्रता की और धमकी देते हुए हमारे वार्ड में विकास कार्य न कराने की बात कही। सभासद के पति ने बताया कि चेयरमैन पहले भी वार्ड पांच के सभासद से अभद्रता कर चुके हैं। इस मामले की रिपोर्ट भी दर्ज हो चुकी है।
इस दौरान उनके साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष अनमोल गुप्ता, सभासद सचिन गुप्ता, सूरजपाल मौर्य, सपना अग्रवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीना मौर्य, वीना रस्तोगी, प्रियंका सक्सेना, कुसुम शर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं, इससे पहले इस मामले को लेकर भाजपा के कई सभासद पशुधन मंत्री से भी मिले और पूरे घटनाक्रम से उनको अवगत कराया। कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। चेयरमैन ने कहा कि मैं सभी सभासदों का सम्मान करता हूं। सभासदों को भड़काकर पूर्व चेयरमैन मेरे ऊपर लगातार झूठे केस दर्ज करवाने का काम कर रहे हैं। संवाद