बरेली। सावन आज से शुरू हो जाएंगे। पहला सोमवार 22 जुलाई को है। जलाभिषेक के लिए गंगाजल लाने वाले कांवड़िये पहले दिन से ही रवाना होने लगेंगे। कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने शहर में एक हजार खुराफाती चिह्नित किए हैं। इन सभी को रेड कार्ड जारी किया गया है। कांवड़यात्रा के दौरान बवाल होने पर संबंधित इलाके के खुराफाती पर कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़यात्रा को लेकर बरेली अति संवेदनशील जिलों में शामिल है। इसकी वजह है कि पिछले सालों में कांवड़यात्रा के दौरान बवाल होते रहे हैं। वर्ष 2012 में कोतवाली क्षेत्र के मठ चौकी मोहल्ले में कांवड़ियों पर पथराव के बाद शहर दंगे की आग में झुलसा था। बवाल के दौरान शहर के विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमों में सैकड़ों लोगों के नाम हैं। इनमें अधिकांश जमानत पर चल रहे हैं। अभी तक पुलिस ने ऐसे करीब एक हजार संदिग्ध लोग चिह्नित किए हैं। पुलिस को आशंका है कि ये खुराफाती कांवड़यात्रा के दौरान बवाल कर सकते हैं। उन सभी को रेड कार्ड जारी करके चेतावनी दे दी गई है। उनसे इलाके के दूसरे खुराफातियों पर नजर रखने को कहा गया है। उन पर पुलिस खुफिया तरीके से भी निगरानी बनाए है।
‘पूर्व में विभिन्न विवादों में शामिल रहे एक हजार लोगों को रेड कार्ड जारी किया गया है। कुछ और लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। कांवड़यात्रा को दौरान कहीं बवाल होता है तो संबंधित रेड कार्ड धारक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’
- अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी