बरेली। आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी का 101वां तीन रोजा उर्स 23, 24 और 25 अक्तूबर को मथुरापुर स्थित जमीयतुर्रजा में काजीउल कुज्जात मुफ्ती असजद रजा खां कादरी की सरपरस्ती में मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया।
जमीयतुर्रजा में बृहस्पतिवार को जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उर्स प्रभारी सलमान हसन खां की सदारत में हुई बैठक में उर्स की व्यवस्था पर चर्चा की गई। इसमें खासतौर से जायरीन की सुविधाएं, वालंटियर्स की जिम्मेदारियों, लंगर का इंतजाम, सिटी स्टेशन से बसों की व्यवस्था आदि बिंदु शामिल रहे। जमात के मीडिया प्रभारी समरान खान ने बताया कि अगली बैठक 13 अक्तूबर जमीयतुर्रजा में ही होगी। एक दो दिन में उर्स का पोस्टर जारी कर कार्यक्रम का एलान किया जाएगा। इस दौरान शमीम खां सुल्तानी, समरान खान, मोइन खान, अब्दुल्लाह रजा, रेहान रजा, कौसर अली, मौलाना गुलजार आदि शामिल हुए।