बरेली। बाबा अलखनाथ मंदिर में शनिवार को बाबा अलखनाथ मंदिर समिति की ओर से 15वां महाआरती कार्यक्रम का आयोजन हुआ। क ार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और विशिष्ट अतिथि अरुण कुमार ने दीप प्रज्जवलित कर किया। साथ ही, बाबा अलखनाथ की महाआरती की। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं समेत विद्यार्थी मौजूद रहे।
महाआरती कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की ओर से भजनों पर नृत्य प्रस्तुतियों के साथ हुई। बच्चों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद बाबा भोलेनाथ पर आधारित एकांकी नाटक की प्रस्तुति हुई। इसके बाद सभी ने सुमधुर भजनों पर सामूहिक नृत्य कर सबका मन मोह लिया। इस दौरान विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। देर रात तक चली प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विष्णु बाल सदन स्कूल को स्व. श्री उमेश बाबू मेमोरियल रनिंग शील्ड, द्वितीय सनातन धर्म स्कूल को डॉ. सुशीला गिरीश मेमोरियल रनिंग शील्ड प्रदान की गई। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ओंकार नाथ शास्त्री की स्मृति में बेटे अनिल शास्त्री ने और संस्था के महामंत्री सुरेंद्र कुमार लाला ने अपनी धर्मपत्नी की स्मृति में महाआरती और एकांकी विजेताओं को नगद पुरस्कार से नवाजा।
इस दौरान शहर के विकास में अहम योगदान देने पर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को, चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर डॉ. राघवेंद्र शर्मा को, साहित्य में नगमा बरेलवी को सम्मानित किया गया। इस दौरान सरंक्षक अनिल कुमार ‘एडवोकेट’, अध्यक्ष विष्णु कुमार अग्रवाल, महामंत्री सुरेंद्र कुमार लाला व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।