बरेली। दिल्ली और हरियाणा से चोरी की बाइक शहर में बेची जा रही हैं। किला पुलिस ने तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की चार बाइक बरामद कर लीं हैं। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। आरोपी बाइक से स्टंट कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालते थे।
शनिवार रात किला पुलिस को कुछ लोगों के चोरी की बाइकों से सड़कों पर स्टंट करने की सूचना मिली। पुलिस ने संदेह के आधार पर बाइक सवार एक युवक को पकड़कर पूछताछ की तो पता लगा कि वह प्रेमनगर के मुरावपुरा का रहने वाला राहुल सक्सेना है। उससे जब बाइक के कागज मांगे तो वह नहीं दिखा सका। बाद में उसने बाइक चोरी की होने की बात कही और अपने साथियों आकाश यादव और रामवीर यादव के नाम बताए। पुलिस ने इन दोनों को भी पकड़ लिया और उनकी निशानदेही पर तीन और बाइक बरामद कर लीं। पता लगा कि आरोपी नई बाइक चोरी करने के साथ ही सड़कों पर स्टंट कर वीडियो बनाकर वायरल करने के शौकीन थे। इंस्पेक्टर आरके तिवारी ने बताया कि दो बाइक दिल्ली और हरियाणा के नंबर की हैं। बाइक मालिकों के बारे जानकारी जुटाई जा रही है। जरूरत पड़ी तो आरोपी रिमांड पर लिए जाएंगे।
चोरी की कार बरामद
उधर, प्रेमनगर पुलिस ने भी एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की कार बरामद हुई है। हालांकि पुलिस ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है।