बरेली। मकर संक्रांति (14 जनवरी) के पर्व पर पतंग उड़ाने की परंपरा है। इसको देखते हुए पतंगों का बाजार सज गया है। नए साल की शुभकामनाएं, मेरा भारत महान जैसे संदेश लिखी पतंगों से बांसमंडी, जखीरा, साहूकारा जैसे बाजार पट चुके हैं। कार्टून कैरेक्टर वाली पतंगों की भी भारी मांग है। कागजों वाली पतंगों के साथ ही पन्नी वाली पतंगें भी मांग में हैं। स्थानीय दुकानदारों के पास आसपास के जिलों से ऑर्डर भी आने लगे हैं।
बच्चों को झालर, कार्टून कैरेक्टर और अलग-अलग आकारों वाली पतंगें ज्यादा लुभा रहीं हैं। ये पतंगें त्योहार की खुशियों को बढ़ाने के साथ-साथ देशभक्ति के रंग में भी रंगी नजर आ रही हैं। इनकी कीमत एक रुपये से लेकर 15 रुपये तक है। पतंगों का व्यवसाय करने वाले नावेद बेग ने बताया कि इस साल पारंपरिक कागज की पतंगों की मांग बढ़ी है। झालर वाली पतंगें बच्चों को खूब भा रही हैं। लोगों ने अभी से खरीदारी शुरू कर दी है। इस वजह से हर दिन नया स्टॉक लाना पड़ रहा है।
दुकानदार मोहम्म्द शाकिर के मुताबिक उनके पास शहर के साथ-साथ शहाजहांपुर, पीलीभीत से भी आर्डर आते हैं। इनको पूरा करने के लिए दो-तीन महीने पहले से ही पतंगों को तैयार करने का कार्य शुरु कर दिया जाता है। इसी तरह व्यापारी असलम ने बताया कि इस बार न्यू ईयर और देशभक्ति वाली पतंगों की मांग बढ़ी है। संवाद