पर्चा काउंटर से पैथोलॉजी तक लगीं कतारें, सोमवार को 700 नए और 400 पुराने मरीज पहुंचे
मीरगंज। बारिश थमने के बाद निकली तेज धूप और बढ़ी उमस ने लोगों की सेहत बिगाड़ दी है। मीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में वायरल फीवर, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में नए और पुराने मरीजों को मिलाकर 1100 से अधिक लोग पहुंचे। इससे पर्चा काउंटर, ओपीडी और पैथोलॉजी जांच केंद्र पर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं।
सोमवार को सीएचसी में करीब 700 नए मरीज पहुंचे, जबकि 400 पुराने मरीज फॉलोअप के लिए आए। इनमें बड़ी संख्या वायरल बुखार, खांसी और जुकाम से पीड़ित मरीजों की रही। अचानक बढ़ी भीड़ के चलते मरीजों और तीमारदारों को उपचार व जांच के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
डेंगू-मलेरिया का प्रकोप नहीं, वायरल ने बढ़ाई चिंता
सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. वैभव राठौर ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में डेंगू और मलेरिया के प्रकोप जैसी स्थिति नहीं है। मौसम में अचानक बदलाव, बारिश के बाद उमस और तेज धूप के कारण वायरल संक्रमण के मरीज बढ़े हैं। अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चिकित्सकीय सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चिकित्सा प्रभारी डाक्टर वैभव राठौर ने लोगों से बुखार, खांसी और जुकाम को हल्के में न लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सक की सलाह लें।