पीडब्ल्यूडी ने आवागमन के लिए बनाया था अस्थायी पुल, 15 गांवों का संपर्क टूटा
सीबीगंज। रूपपुर गांव के पास शंखा नदी पर बना अस्थायी पुल सोमवार देर रात तेज बारिश में बह गया। पुल बहने से करीब 15 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। इस अस्थायी पुल के पास ही पीडब्ल्यूडी नया स्थायी पुल बना रहा है। निर्माणाधीन पुल को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
पीडब्ल्यूडी की ओर से 5.5 करोड़ की लागत से सीबीगंज के रूपपुर गांव के पास शंखा नदी पर पुल का निर्माण कराया जा रहा है। लोगों को पुल निर्माण के दौरान आवागमन में दिक्कत न हो, इसलिए अस्थायी पुल बना दिया गया था। रविवार शाम से हो रही बारिश के कारण नदी का जल स्तर बढ़ गया। बहाव तेज होने से अस्थायी पुल बह गया। इससे माधवपुर, सीतापुर, गौंतारा मुर्शिदाबाद, रफियाबाद, मीरापुर, रायपुरा, जागीर आदि गांवों में का आवागमन बाधित हो गया है। दोनों तरफ के लोग नदी के पार फंस गए हैं। लिहाजा, लोग फतेहगंज पश्चिमी होकर निकल रहे हैं। इससे उन्हें दस किलोमीटर की अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है।