बरेली। बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। मुरादाबाद मंडल के अभियंताओं की ओर से भेजी गई डिजाइन पर रेलवे मुख्यालय बड़ौदा हाउस दिल्ली ने आपत्ति लगाई है। डिजाइन मंजूरी के फेर में यहां काम ठप है।
फरीदपुर में एक अप्रैल 2023 को राज्य सरकार के तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने फरीदपुर-बुखारा मार्ग पर पितांबरपुर में 51.37 और लखनऊ-बरेली रेलमार्ग पर बिलपुर रेलवे क्राॅसिंग पर 81 करोड़ की लागत से आरओबी के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। कहा कि एक साल में यहां काम पूरा हो जाएगा।इसके बाद क्रॉसिंग बंद होने से लगने वाले जाम से नहीं जूझना पड़ेगा।
पितांबरपुर कॉसिंग का आरओबी तो बनने लगा है लेकिन बिलपुर में काम शुरू होने के बाद ड्राइंग अनुमोदित न होने से निर्माण अटक गया । सेतु निगम निर्माण के लिए निजी फर्म को टेंडर दे चुका है। रेलवे की ओर से डिजाइन मंजूर होते ही काम शुरू हो जाएगा।
विधानसभा क्षेत्र में दोनों पुलों का निर्माण एक साथ शुरू हुआ लेकिन बिलपुर की ड्राइंग में रेलवे ने बदलाव कर दिया। इस कारण सेतु निगम को काम रोकना पड़ा। मैं रेल मंत्री को पत्र लिखकर अड़चन दूर कराने की पैरवी करूंगा। आरओबी न बनने से करीब एक लाख लोग प्रभावित हो रहे हैं। - प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारीलाल, विधायक फरीदपुर
आरओबी का निर्माण करने के लिए रेलवे से नक्शा मिलने का इंतजार है। जैसे ही नक्शा मिलता है उसके अनुरूप सेतु निगम की ओर से चयनित फर्म काम करेगी। - अरुण कुमार गुप्ता, उप परियोजना प्रबंधक सेतु निगम
अमर उजाला ब्यूरो