बरेली। शहर में शुक्रवार को हुए बवाल को लेकर पड़ोसी जिलों के बाशिंदे अब भी सशंकित हैं। जिले में इंटरनेट सेवाएं भी बंद हैं। ऐसे में जंक्शन पर यात्रियों के आवागमन में आठ हजार तक की गिरावट आई है। पांच हजार टिकटों की बिक्री भी घटी है। मोबाइल फोन के जरिये यात्री ऑनलाइन आरक्षित टिकट भी बुक नहीं कर पा रहे हैं।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक इमरान ने बताया कि इंटरनेट सेवाएं बंद होने के कारण सामान्य और दैनिक टिकटों की बिक्री में पांच हजार व यात्रियों के आवागमन में आठ हजार तक की गिरावट आई है। ऑनलाइन भुगतान न होने के कारण यात्रियों और वेंडर्स को भी समस्या हो रही है। रोजाना छह से सात लाख रुपये का लेन-देन प्रभावित हो रहा है। मोबाइल फोन से आरक्षित टिकट बुक न होने के कारण लंबी दूरी के टिकटों के लिए बुकिंग विंडो पर कतार लग रही है। यूटीएस व अन्य ऑनलाइन माध्यमों से भी टिकट बुक नहीं हो पा रहे हैं।
इधर, रोडवेज के आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि रोडवेज बसों में शनिवार से लगातार यात्रियों की संख्या में गिरावट आ रही है। हालात सामान्य होने के बाद भी आसपास के जिलों से लोग बरेली आने से कतरा रहे हैं। इसका एक कारण इंटरनेट सेवाओं का निलंबन भी है। संवाद