बरेली। दिन में चटक धूप और रात में सर्द हवा लोगों को बीमार बना रही है। सोमवार को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे ज्यादातर मरीज वायरल की चपेट में रहे। वहीं, सीएमओ कार्यालय परिसर में आयोजित दिव्यांग शिविर में घंटे भर की देरी से डॉक्टर इलाज के लिए पहुंचे।
पर्चा काउंटर कर्मचारी के मुताबिक सोमवार को नए और पुराने पर्चे पर 18 सौ मरीजों का इलाज हुआ। ज्यादातर फिजिशियन, चेस्ट फिजिशियन को दिखाने पहुंचे थे। जोड़ों, मांसपेशियों में दर्द, त्वचा और बीपी, डायबिटीज के कई मरीज इलाज के लिए पहुंचे। पैथोलॉजी में चार सौ मरीजों की जांच के लिए सैंपल लिया गया।
48 अल्ट्रासाउंड और 61 एक्सरे हुए। वहीं, कई मरीज एनसीडी, एआरटी आदि जांच के लिए पहुंचे थे। फिजिशियन डॉ. वैभव शुक्ला के मुताबिक मौसम में बदलाव के दौरान सर्द-गर्म और सांस के मरीज ओपीडी में बढ़े हैं। जिन्हें दवाएं दी गईं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप गुप्ता के मुताबिक दिन में तापमान सामान्य से ज्यादा होने से ओपीडी में बीमार बच्चों की कतार कम हुई है। अब जो बच्चे पहुंच रहे हैं, उन्हें उल्टी, दस्त की समस्या है। इन्हें दवाएं दी जा रही हैं। निमोनिया की चपेट में आए दो बच्चे वार्ड में भर्ती हैं। अमर उजाला ब्यूरो