मीरगंज। ई-रजिस्ट्री व्यवस्था का विरोध करते हुए बार एसोसिएशन मीरगंज के सदस्य अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों और स्टांप विक्रेताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने रजिस्ट्री कार्यालय में तालाबंदी करके नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया है। अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों के मुताबिक, खतौनी की भाषा जटिल होती है, जिसे बिना विधिक ज्ञान के समझना कठिन है। इसे प्रशिक्षित अधिवक्ता और लेखक सही ढंग से तैयार कर सकते हैं। नए निर्णय का असर वकीलों और दस्तावेज लेखकों की आजीविका पर पड़ेगा। व्यवस्था को वापस लेने की मांग है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक उपाध्याय ने बताया कि अधिवक्ता और दस्तावेज लेखक शनिवार तक रजिस्ट्री से संबंधित कार्य नहीं करेंगे। सरकार के आदेश का विरोध करेंगे। ज्ञापन देने वालों में बार एसोसिएशन अध्यक्ष के अलावा अरविंद कुमार, मोर सिंह, मोहन स्वरूप, हरीश कातिब, हरीश कुमार लाखा, नवीन कुमार सिंह, यशपाल सिंह, मोहित शर्मा आदि शामिल रहे।
सहायक रजिस्ट्रार अवंतिका देवी ने बताया कि प्रदर्शन के कारण कार्यालय में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं हुआ। इस कारण कोई काम नहीं हो सका। सभी अधिवक्ता और दस्तावेज लेखकों की बात शासन तक पहुंचाई जाएगी। कार्यालय के काम सुचारू रूप से करने का आग्रह है।