बरेली। बरेली-रोजा के बीच गुजरने वाली ज्यादातर गाड़ियां मेल, एक्सप्रेस, फास्ट और सुपरफास्ट होने के कारण बरेली-रोजा के बीच इनका 11 स्टेशनों पर ठहराव नहीं होता। दूसरी ओर 64174-75 रोजा-बरेली-रोजा मेमू का इन सभी स्टेशनों पर ठहराव है। हजारों लोगों इस गाड़ी से यात्रा करते हैं। रेलवे ने एक दिसंबर से तीन माह तक इस गाड़ी को भी निरस्त कर दिया है। इसके बाद दैनिक यात्रियों ने विरोध शुरू कर दिया है।
बरेली-रोजा मेमू का 79 किमी की दूरी तीन घंटे में तय करती है। इस बीच बरेली कैंट, रसोइया, पीतांबरपुर, टिसुआ, बिलपुर, मीरानपुर कटरा, तिलहर, बहादुरपुरा, बनथरा, शाहजहांपुर स्टेशनों पर ठहराव लेती है। इन स्टेशनों से जुड़े सैकड़ों गांवों के हजारों लोगों के लिए यह गाड़ी बरेली-शाहजहांपुर के बीच यात्रा के लिए काफी मुफीद है। किराया काफी कम होने के कारण बड़ी संख्या में कामकाजी लोगों को भी इस गाड़ी से आवागमन होता है।
हालांकि, रोजा-बरेली के बीच रोजाना 200 से ज्यादा गाड़ियों का आवागमन होता है, लेकिन इनका ठहराव छोटे स्टेशनों पर नहीं है। फरीपुर निवासी अधिवक्ता विपिन सिंह ने बताया कि गाड़ी को निरस्त किए जाने से हजारों लोग प्रभावित होंगे। क्षेत्रीय लोगों ने डीआरएम को पत्र भेजकर इस गाड़ी को निरस्त न किए जाने की मांग की है। संवाद