शिक्षकों की उम्मीदें जागी
उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की प्रांतीय संयुक्त मंत्री अमिता सिंह ने बताया कि लंबे समय से स्थानांतरण का रास्ता देख रहे शिक्षकों को इस बार काफी उम्मीदें हैं। दूरदराज के ब्लॉकों में एकल शिक्षकों को विद्यालय संचालन में काफी दिक्कतें आ रही हैं। कई विद्यालय ऐसे हैं जहां नजदीकी विद्यालयों से शिक्षकों को संबद्ध करके काम चलाना पड़ रहा है।
शिक्षक संघ के जिला महामंत्री तेजपाल मौर्य ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद जनपद के अंदर स्थानांतरण की विज्ञप्ति जारी हुई है। इस बार की प्रक्रिया में आरटीई मानकों के आधार पर शिक्षकों को समायोजित किया जाएगा। यदि प्रक्रिया पूरी हो जाती है तो इससे दूर क्षेत्रों में जहां शिक्षकों का अभाव है वहां भी शिक्षक तैनात किए जा सकेंगे।
शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कहा कि जनपद स्तर पर शिक्षकों के स्थानांतरण और समायोजन की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। शासन स्तर से इससे पहले भी दो बार विज्ञप्ति जारी हो चुकी है। लगातार प्रक्रिया में विलंब ही किया जा रहा है। इस बार भी प्रक्रिया लंबी है, पूरी हो जाए तो अच्छा ही रहेगा।