कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय बरेली से संबद्ध बरेली-मुरादाबाद के जिलों में सोमवार को निधि आपके निकट 2.0 के तहत जागरूकता शिविर लगा। पेंशनर्स की समस्याओं के निराकरण समेत नियोक्ताओं को पीएफ योजना की जानकारी दी गई।
सहायक भविष्य निधि आयुक्त संजीव सिंह के मुताबिक कार्यक्रम में कर्मचारी नामांकन अभियान (ईईसी)-2025, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरवाई) और नए श्रम कानूनों पर भी जानकारी दी गई। शिविर बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं, मुरादाबाद, जेपी नगर (अमरोहा), रामपुर, संभल में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर आयोजित हुआ। इसमें बीएल एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड, कृभको फर्टिलाइजर्स लिमिटेड, बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड जैसे प्रमुख संस्थान शामिल थे। 30 अप्रैल से पूर्व ईईसी से कर्मचारी को ईपीएफ में शामिल कराने के लिए कहा।
संजीव सिंह ने एमवीबीआरवाई से रोजगार सृजन को बढ़ावा देने, नियोक्ताओं को मिलने वाले लाभ बताए। मुरादाबाद में सहायक भविष्य निधि आयुक्त बलदेव सिंह ने भी जानकारी दी। उमंग, सदस्य पोर्टल, प्रतिष्ठान पोर्टल जैसी ईपीएफओ डिजिटल सेवा से समस्या का समाधान किया।
नए श्रम कानून की दी जानकारी, सुलझी समस्याएं
जागरूकता शिविर में प्रतिभागियों को बताया कि नए श्रम संहिता-2025 कानून में श्रम नियम सरलीकरण, डिजिटल अनुपालन, वेतन की समान परिभाषा और कर्मचारियों की सामाजिक व कार्यस्थल पर सुरक्षा को बेहतर बनाया है। शिविरों में ईपीएफ, ईपीएस से संबंधित शिकायत निस्तारण, निष्क्रिय खातों को फिर से सक्रिय किए जाने, यूएएन, केवाईसी अपडेट और नामांकन से संबंधित मार्गदर्शन दिए गए।