बरेली। 300 बेड अस्पताल से फरार कोरोना संक्रमित बंदी का तीसर दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। इधर, एसएसपी ने फरार बंदी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस को बंदी के बारे में सुराग लगा है, एक टीम दबिश में गई है।
बहेड़ी के नगला गांव के अशोक उर्फ बिल्लू को इज्जतनगर पुलिस ने चोरी के आरोप में पकड़ा था। जेल भेजने से पहले बिल्लू का कोरोना टेस्ट कराया गया तो वह संक्रमित निकला। उसे 300 बेड कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। रविवार सुबह अशोक हथकड़ी की रस्सी काटकर टॉयलेट की तरफ से भाग गया। एसएसपी ने बंदी की सुरक्षा में लगाए गए इज्जतनगर थाने के सिपाही विक्रांत और रोहित को निलंबित कर दिया। मंगलवार को एसएसपी ने बंदी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया। पुलिस को बंदी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस की एक टीम उसे पकड़ने के लिए गई हुई है। माना जा रहा है कि बुधवार को बंदी पुलिस की पकड़ में आ सकता है।
‘फरार बंदी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। कुछ सूचनाएं मिल रही हैं। जल्द ही बंदी को पकड़ लिया जाएगा।’
- रोहित सजवाण, एसएसपी