Prepare the city for the Chief Minister
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रविवार को होने वाली बरेली मंडल की समीक्षा मीटिंग के लिए विकास भवन के अहिच्छत्रन सभागार में तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। दो दिन पहले सभागर की पुरानी कुर्सियां ठीक करने के अलावा उनकी संख्या भी बढ़ाई गई। मुख्यमंत्री के आने और जाने के रास्ते पर भी चर्चा हुई। फरियादियों के बैठने के लिए बाहर पड़ी कुर्सियों की साफ सफाई की गई। सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बराबर एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र लगाए गए। अफसरों में इस बात की होड़ रही कि पीएम और सीएम का पगड़ी वाला चित्र लगाया जाए या बिना पगड़ी वाला। आखिर में बिना पगड़ी का चित्र ही फाइनल हुआ।
आंकड़े हो रहे फिटफाट
डीडीओ रामरक्षपाल यादव और डीआरडीए परियोजना निदेशक साहित्य प्रकाश मिश्र की अगुवाई में सीएम की मंडलीय समीक्षा मीटिंग के लिए इंतजाम किए गए। सभागार में कंप्यूटर पर डिजीटल आंकड़े प्रस्तुत करने का रिहर्सल भी किया गया ताकि सीएम या उनके साथ आए अफसर अगर किसी चीज के आंकड़े मांगें तो तुरंत कंप्यूटर पर क्लिक कर स्क्रीन पर दिखाया जा सके। डीआरडीए कर्मचारियों ने मंडलीय समीक्षा मीटिंग के लिए सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं जैसे पीएम आवास, कृषि, गन्ना बकाया भुगतान, स्वच्छ भारत मिशन, शौचालय निर्माण, बिजली आपूर्ति, गड्ढामुक्त सड़कों की प्रगति, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा की प्रोग्रेस समेत तमाम योजनाओं के आंकड़ों की पुस्तिका तैयार की गई। अधिकांश अफसर ईश्वर से इसी की प्रार्थना करते दिखे कि मंडलीय समीक्षा में उनका नंबर न आए। दूसरों पर ही पूरी मीटिंग निपट जाए। पता नहीं किसके ऊपर गाज गिर जाए।