एक हफ्ते में तीन मार्केट सहित बरात घर किया जा सकता है ध्वस्त
फरीदपुर। स्मैक तस्कर पढ़ेरा के प्रधान शहीद खान उर्फ छोटे और उसके साथियों स्मैक के धंधे की कमाई से बनाई गई फरीदपुर में बनाई गईं तीन मार्केट सहित बरात घर पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। एक सप्ताह में प्रशासन इन सभी इमारतों को जमींदोज कर देगा। ठिरिया नवाजिश में बनी पढ़ेरा के प्रधान की कोठी भी प्रशासन ने अवैध घोषित कर दी है। इसे भी ध्वस्त किया जाएगा।
फरीदपुर में बनी एक मार्केट तो बिना नक्शा पास कराए बनी है और जो अन्य दो मार्केट समेत बरात घर बना है उसका नक्शा पास है, लेकिन नक्शा के विपरीत बनी है इसलिए इन्हें अवैध घोषित कर दिया गया हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. नितिन गंगवार ने बताया कि बरात घर सहित तीन मार्केट पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। जल्द ही ध्वस्तीकरण किया जाएगा।
संपत्ति जब्ती पर सुनवाई 15 को
स्मैक तस्कर प्रधान और बेहरा के तस्कर तैमूर उर्फ भोला की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई पर सफेमा में 25 अक्तूबर को तस्करों ने जवाब पेश किया था। अब पुलिस की कार्रवाई और तस्करों के जवाब पर विचार करने के बाद सफेमा 15 नवंबर को फैसला सुनाएगा। सफेमा ने अगर पुलिस की कार्रवाई को वैध ठहराया तो तस्करों की सारी प्रॉपर्टी सरकार के कब्जे में पहुंच जाएगी।