ट्रांसफार्मरों के आसपास पानी, करंट की शिकायत
दुर्गानगर, सिविल लाइंस, बदायूं रोड, किला समेत कई इलाकों में ट्रांसफार्मरों के आसपास जलभराव हो गया। पानी में करंट उतरने की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों ने विद्युत निगम को शिकायतें कीं। सुरक्षा को देखते हुए कई स्थानों पर एहतियातन बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। इससे पहले से बारिश से परेशान लोगों की मुश्किल और बढ़ गई।
रात से ही फाल्ट खोजने में जुटीं टीमें
बिजली संकट की सूचना मिलते ही निगम की टीमें शुक्रवार देर रात से शनिवार तक अलग-अलग इलाकों में फाल्ट तलाशने और जलभराव दूर करने में जुटी रहीं। जहां पानी अधिक था, वहां कर्मचारियों को पहले सुरक्षित स्थिति का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद फीडरों और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कर आपूर्ति बहाल करने का काम किया गया।
शीशगढ़ में बारिश के बीच लाइन ठीक करने में जुटे कर्मचारी
शीशगढ़ क्षेत्र में बीती रात 33 केवीए बिजली लाइन पर शीशम का पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारी बारिश और पानी के बीच लाइन ठीक करने में दिनभर जुटे रहे। लाइनमैन पानी में उतरकर काम करते रहे। उपखंड अधिकारी विशाल कंसल ने बताया कि हर संभव प्रयास किया जा रहा है। लाइनमैन, जे ई और टीजी2 लायक राम यादव अपनी टीम के साथ डटे हुए हैं।
देहात क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था बेपटरी
बारिश के कारण देहात में भी उपकेंद्रों में जलभराव होने से कई उपकेंद्र घंटों ठप रहे। अधीक्षण अभियंता देहात धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि 33 केवी पडेरा, रेहतुइया, फरीदपुर तहसील, जाफरपुर और नवाबगंज टाउन उपकेंद्रों में जलभराव होने से आपूर्ति बाधित रही। शुक्रवार देर रात से जलभराव के चलते सप्लाई बंद करनी पड़ी, हालांकि शनिवार शाम पांच बजे तक नवावबगंज टाउन उपकेंद्र की सप्लाई सुचारू कर दी गई थी।