हरियाली तीज पर शुक्रवार को पूरे शहर में एक चहल पहल दिखी। लोगों ने अपने घर मोहल्लों में झूले डाले, शहर में कई इलाकों में तीज मेलों लगे जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे पहुंचे। मेले में पारंपरिक से लेकर मार्डन तक हरे, लाल, धानी रंग परिधानों में महिलाएं और युवतियां नजर आई। पार्कों में लोहे के झूले झूलने वाले नन्हें-मुन्हों के लिए पेड़ और घर के आंगन में रस्सी डालकर पेंग बढ़ाने का अनुभव अनोखा रहा, मेलों में बच्चे मस्ती करते दिखे।
0 सामाजिक संस्थाओं ने मनाई तीज
गार्डन सिटी के संकट मोचन मंदिर में महिला क्लब व आकाशपुरम महिला क्लब ने तीज महोत्सव मनाया। पेड़ों पर झूले और ढोलक की थाप पर सावन के मल्हार और लोकगीतों के बीच महिलाओं ने समां बांध दिया। कार्यक्रम का संचालन रेखा झा, सीमा कालरा न किया। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान ने म्यूजिकल चेयर, अंताक्षरी जैसी कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित करके तीज मनायी। डांडिया भी हुआ। मुख्य अतिथि के सुरजिता भारती रहीं, इसके अलावा रजनी शर्मा, बाला भारती, जानकी व अन्य रहे। रोटरी क्लब ऑफ बरेली श्री ने रोटरी श्री तीज महोत्सव मनाया जिसमें तीज क्वीन सोनल अग्रवाल रहीं। जिसमें महिलाओं ने फूलों से सजा झूला झूलकर गीत गाए। इस दौरान चार्टर अध्यक्ष साकेत सुधांशू शर्मा, अंजली शर्मा, मीशा विनीता व अन्य मौजूद रहे। अखिल भारतीय ब्राह्मण महिला महासभा के तीज कार्यक्रम में तीज क्वीन का खिताब प्रियंका उपाध्याय को मिला, जबकि मेंहदी प्रतियोगिता में राधा शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में जज डॉ. आदर्श शर्मा रहीं, संयोजन अलका द्विवेदी ने किया।
0 शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों ने मनाई तीज
जनता इंग्लिश इंटर कालेज, नकटिया में तीज कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रिया सिंह ने किया, स्कूल डायरेक्टर काशिफ रजा और प्रधानाचार्य भूपेंद्र ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। राधा माधव पब्लिक स्कूल ने इस त्योहार को मेंहदी प्रतियोगिता आयोजित करके मनाया। प्रधानाचार्य आरसी धस्माना ने तीज की बधाई दी। लोटस इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में कई रंगारंग कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने भाग लेकर तीज की खुशियां बांटी। प्रथम पुरस्कार यशी अग्रवाल, दूसरा स्थान शिवांगी और तीसरा पुरस्कार अग्रिमा को मिला। चेयरमैन अभिषेक अग्रवाल, वाइस चेयरपर्सन अर्चना, डायरेक्टर पंकज दीक्षित मौजूद रहे। माधवी पब्लिक जूनियर हाईस्कूल में छात्राओं ने रंगोली प्रतियोगिता में भाग लिया। कक्षा छह की सलोनी और सातवीं कक्षा के अवनीश कुमार को पहला स्थान मिला। प्रधानाचार्य लतेश स्नातक ने विद्याथियों को पुरस्कृत किया।
0 मेलों की रौनक ने मनमोहा
शहर का प्रमुख मेला रामपुर गार्डन अग्रसेन पार्क में लगा, इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे। अग्रवाल सेवा समिति द्वारा आयोजित 36वें तीज मेले की रौनक देखते ही बनी। कार्यक्रम का आरंभ ज्वाइंट कमिशन इनकम टैक्स वृंदा देसाई ने किया। मेले में खाने के पकवानों के कई स्टॉल लगे, महिलाओं के लिए हैंडी क्राफ्ट व राखी के कई स्टॉल लगाए गए। बच्चों के लिए विशेष तरह के झूलों की व्यवस्था की गई। मिकी माउस झूले पर बच्चों की बहुत भीड़ रही। सांस्कृतिक कार्यक्रम में अग्रसेन पब्लिक स्कूल, द्रोपदी कन्या इंटर कालेज की छात्राओं ने प्रस्तुति दी। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, म्यूजिक चेयर, तीज क्वीन प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। जगतपुर में दशकों से लगते आ रहे तीज मेले का इस वर्ष भी आयोजन किया गया। बालजती स्कूल में परिसर में राजू सक्सेना, सुमित कठेरिया, छंगामल मौर्य, अजय रत्नाकर व जगदीश प्रसाद ने मेले का आयोजन कराया। फनसिटी में तीज महोत्सव का आयोजन हुआ, इस तीन दिवसीय मेले के पहले दिन कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, निदेशिका अमिता अग्रवाल ने प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए।