बरेली। ऊर्जा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा सर्किट हाउस में जब संगठन के पदाधिकारियों से मुखातिब हुए तो सबसे ज्यादा शिकायतें पुलिस की रहीं। पार्टी नेताओं ने यह शिकायत की- पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था के नाम पर मनमानी कर रही है। जब जिसका चाहे, चालान कर देती है और वाहनों को उठा ले जाती है। इससे पब्लिक में सिस्टम को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
शासन के ढाई साल पूरे होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने और सरकारी सिस्टम का हाल जानने पहुंचे प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा के सामने पार्टी नेताओं ने ट्रैफिक सिस्टम को लेकर यह भी दिक्कत जाहिर की कि शहर में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। मजबूरी में कोई वाहन अपना सड़क के एक साइड में खड़ा भी करता है तो पुलिस उसे उठा ले जाती है। पब्लिक को ऐसे परेशान करने के बजाय बेहतर है कि पहले शहर में पार्किंग की व्यवस्था कराई जाए। कुछ नेताओं ने यह सुझाव भी दिया कि पुराने बस अड्डे को बाहर शिफ्ट करके वहां 30 एकड़ जमीन पर पार्किंग बनाई जा सकती है। प्रभारी मंत्री ने रोडवेज के आरएम को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुलिस की शिकायतों को लेकर किला और बिथरी और किला थाने निशाने पर रहे। पार्टी नेताओं ने शिक्षा विभाग से संबंधित यह शिकायत की कि वहां एक बाबू सस्पेंड हो चुका है, लेकिन वह वहीं मंडराता रहता है। विभागीय अफसर उस पर कोई शिकंजा नहीं कस रहे। मंत्री ने बीएसए तनुजा त्रिपाठी से इस बारे में जानकारी ली। इसी क्रम में नगर निगम की बदहाल सफाई व्यवस्था का मुद्दा सामने आया। नेताओं ने कहा कि कई जगहों पर नगर निगम की सफाई कर्मचारी पहुंचते ही नहीं है। शिकायत करो तो पार्टी नेताओं को फंसा दिया जाता है।