डॉ. संघ मित्रा मौर्य, सांसद। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। स्वामी प्रसाद मौर्य के भाजपा छोड़ने के बाद बदायूं से उनकी सांसद बेटी संघमित्रा मौर्य ने कहा कि वह बदायूं और भाजपा छोड़ने के बारे में सोच भी नहीं सकतीं। उनका कहना है कि उनके पिता ने अभी सपा ज्वाइन नहीं की है। केवल मंत्री पद से इस्तीफा दिया है।
सांसद ने बताया कि उनका स्वास्थ्य खराब है। डॉक्टर ने उन्हें आराम करने को कहा है। वह लखनऊ आवास पर हैं। उन्हें शाम को इस तरह की जानकारी मिली है। बताया कि बसपा में रहने के दौरान एक बार शिवपाल यादव के साथ पिता का फोटो वायरल हो गया था। तब भी उनके सपा में जाने का शोर मचा दिया गया था। उन्हें नहीं लगता कि इस बार के फोटो में भी कोई सच्चाई है। उनके मंत्री पद से इस्तीफा देने की बात सही है, पर सपा ज्वाइन करने की बात सही नहीं है। सांसद ने कहा कि वह भाजपा की कर्मठ सिपाही हैं और बदायूं से उनका खास रिश्ता है। अस्वस्थता के कारण पिता से बात नहीं हो सकी है। बात होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। संवाद