बरेली के बहेड़ी थाने में तैनात दरोगा की शादी के बाद साथियों ने थाना परिसर में जश्न मनाया। थाने में डीजे लगवाया गया और फिल्मी गानों पर देर रात तक डांस किया। राम लखन फिल्म का 'वन टू का फोर, फोर टू का वन...माय नेम इज लखन' गाना तेज आवाज में बजाकर पुलिसवाले जमकर नाचे। डीजे की आवाज से थाने के आसपास रहने वाले लोगों की नींद उड़ गई। उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिकायत कर दी। पुलिस अफसरों ने सफाई देने के साथ ही जांच कराने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार थाने में तैनात एक दरोगा की बीते दिनों शादी थी। रविवार को वह लौटे थे। इसके बाद थाने में साथियों ने समारोह आयोजित किया। यहां देर रात तक डीजे बजाकर डांस किया गया। इससे आसपास के लोग सो नहीं पाए। इस मामले में जब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सोलंकी से बात की गई तो उन्होंने इस तरह का आयोजन होने की बात से इनकार कर दिया।