अदालत में अर्जी देकर गैर जमानती वारंट जारी कराने की भी चल रही तैयारी
बरेली। शहर में 26 सितंबर को हुए बवाल के 12 आरोपियों पर पुलिस की ओर से इनाम घोषित करने की तैयारी है। संभावना जताई गई है कि वांछित आरोपियों पर एसएसपी रविवार से इनाम घोषित करेंगे। इस बीच इन सभी की धरपकड़ के लिए पुलिस की छह टीमों की दबिश जारी है।
बवाल से संबंधित मुकदमों की विवेचना में पुलिस ने पाया है कि अल्तमश, एहसानुल हक चतुर्वेदी और साजिद सकलैनी सहित 12 लोगों ने भीड़ जुटाने में अहम भूमिका निभाई थी। इन लोगों ने भीड़ जुटाने के लिए बैठक भी की थी। बवाल के बाद से ये सभी घर छोड़कर भागे हुए हैं। इन 12 आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कराने के लिए भी पुलिस ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने में जिस किसी की भी भूमिका रही है, उसके खिलाफ प्रभावी तरीके से कार्रवाई की जा रही है। जो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं, उन पर इनाम घोषित करने के साथ ही अन्य जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
गोपनीय हेल्पलाइन नंबर पर 15 लोगों ने दीं सूचनाएं और साक्ष्य
बवाल के संबंध में अब शहर के लोग भी एसएसपी के गोपनीय हेल्पलाइन नंबर पर सूचनाएं और साक्ष्य साझा कर रहे हैं। हेल्पलाइन नंबर पर शनिवार तक 15 लोग बवाल और उसके पहले की बैठकों से संबंधित फोटो, वीडियो और सूचनाएं साझा कर चुके हैं। छह लोगों ने डाक के माध्यम से और एक व्यक्ति ने व्यक्तिगत रूप से पेश होकर बवाल से संबंधित अहम सूचना साझा की है। एसएसपी ने बताया कि आमजन द्वारा उपलब्ध कराए गए इनपुट पुलिस की जांच में मददगार साबित होंगे।
फोर्स की निगरानी में शहर, गश्त जारी
बवाल के हफ्ते भर बाद भी शहर में पुलिस, पीएसी और आरआरएफ के आठ हजार से ज्यादा जवान तैनात हैं। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म की निगरानी पुलिस की सोशल मीडिया सेल द्वारा की जा रही है। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में फोर्स की पैदल गश्त जारी है। एसएसपी ने पुलिस अफसरों से कहा है कि जिले में लागू निषेधाज्ञा का कड़ाई से पालन कराया जाए। थानाध्यक्ष और क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्र के संभ्रांत लोगों से बात कर कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रण में रखें। ब्यूरो