फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly: दूल्हे के दोस्तों ने मचाया हुड़दंग... हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत, छह कारें सीज, पांच लोग गिरफ्तार

Mon, 18 Dec 2023 03:24 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में रविवार रात बरातियों ने कारों के सनरूफ से बाहर निकलकर और दरवाजों से लटककर हुड़दंग किया था। इस मामले में पुलिस ने छह कारें सीज कर पांच चालकों को गिरफ्तार किया है। 
विज्ञापन
थाने में खड़ी कारें और उनके चालक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में रविवार आधी रात लक्जरी कारों के साथ निकली बरात में जमकर हुड़दंग मचाया गया। कारों और बाइकों की रैली निकालकर दूल्हे के दोस्तों ने सनरूफ से निकलकर और खिड़कियों से लटककर स्टंट किए। हवाई फायरिंग भी की गई। बारादरी इंस्पेक्टर ने रात में ही बरातघर में छापा मारकर छह कारों को सीज कर दिया और पांच चालक को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया गया।

विज्ञापन


किला थाने के चौधरी तालाब इलाके के सोफियान का निकाह रविवार रात आरिश लॉन में हुआ। दूल्हे के दोस्तों ने करीब 25 कारों और 15 बाइकों से रैली की तरह बरात निकाली। दूल्हे की कार सबसे आगे चल रही थी। रात करीब 12 बजे कारों का काफिला श्यामगंज चौराहे से सेटेलाइट चौराहे होकर आरिश लॉन की ओर बढ़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ युवक हर चौराहे पर गाड़ी रोककर आतिशबाजी छोड़ रहे थे, वहीं कुछ तमंचों से हवाई फायरिंग कर रहे थे।

पुलिस बरातघर पहुंची तो छिप गया दूल्हा
शिकायत पर बारादरी इंस्पेक्टर अमित पांडेय पुलिस के साथ आरिश लॉन पहुंचे। पुलिस ने धरपकड़ शुरू की तो बरातियों में भगदड़ मच गई। पुलिस के मुताबिक, दूल्हा कहीं छिप गया और उसके खुराफाती साथी भाग गए। सिपाहियों के मोबाइल से की गई रिकार्डिंग व सीसीटीवी फुटेज से नंबर देखकर पुलिस ने छह कार सीज कर दीं और थाना परिसर में खड़ा करा दिया। गिरफ्तार चालकों में गुलाबनगर के आरिफ व समीर, किला के इमरान व राशिद और अलीगंज के भाट गांव का जानकी प्रसाद शामिल हैं।
विज्ञापन


पुलिस के पास आते रहे माननीयों के फोन
बरातघर में कार्रवाई और कार चालकों की धरपकड़ के बाद नेता भी सक्रिय हो गए। इंस्पेक्टर व अधिकारियों के पास जनप्रतिनिधियों के फोन आने लगे। सत्तापक्ष से जुड़े लोग भी मामले का निपटारा करने की बात कहते रहे। इंस्पेक्टर ने बताया कि जो कार्रवाई करनी थी, वह कर चुके हैं। वह लोग चाहें तो कोर्ट से मदद ले सकते हैं।

चाय की दुकानों के बाहर रातभर लगता है मजमा
शहर में सेटेलाइट चौराहे से श्यामगंज के बीच चाय की दुकानों व होटलों पर आधी रात के बाद तक लड़कों का मजमा लगा रहता है। यहां अपराधी छवि के लोग भी जुटते हैं। कई बार यहां फायरिंग, मारपीट, वाहनों में तोड़फोड़ और छेड़खानी की घटनाएं हो चुकी हैं, पर पुलिस जानबूझकर ध्यान नहीं देती। तमाम खाकी वाले भी यहीं मंडराते रहते हैं। चर्चा है कि उन्हें चाय-नाश्ते का खर्च भी नहीं देना पड़ता। यही वजह है कि इन दुकानों को रात दो बजे तक खोलने की छूट दी जाती है।
विज्ञापन

फायरिंग से किया इन्कार
इंस्पेक्टर बारादरी अमित पांडेय ने बताया कि युवकों ने बरात में आतिशबाजी की और हाथ से रॉकेट आदि छोड़े थे। हवाई फायरिंग की बात सही नहीं है। कारों को सीज कर दिया है। कोर्ट से जुर्माना डालकर ही इन्हें रिलीज किया जाएगा। पांच चालकों का शांतिभंग में चालान किया गया है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें