बरेली के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गांव पदारथपुर में डॉ. फारूख आलम के घर हुई डकैती और उनकी पत्नी नसरीन की हत्या के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी जुटी हुई है , लेकिन पीड़ित पक्ष की खामोशी से कई सवालों के जवाब अनसुलझे हैं। माना जा रहा है कि इसी खामोशी में हत्या का राज छिपा है।
कोई करीबी ही नसरीन का कातिल है, इसीलिए परिजन खामोश हैं। घटनाक्रम से लेकर पोस्टमार्टम तक कई झोल हैं। पुलिस ने शुक्रवार को नसरीन के पति फारूख को थाने में बैठा लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना का जल्द ही खुलासा हो सकता है। माना जा रहा है किसी शातिर दिमाग शख्स ने घटना को अंजाम दिया है।
मंगलवार की सुबह घर में मिला था शव
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के पदारथपुर में सोमवार आधी रात के बाद डॉ. फारूख आलम के घर जो घटनाक्रम हुआ, उसमें उनकी पत्नी नसरीन की मौत हो गई। परिवार के मुताबिक दवा लेने के बहाने आए बदमाशों ने नसरीन की हत्या की। डॉ. फारुख पर भी जानलेवा हमला किया और घर का काफी सामान भी लूट ले गए।