बबराला (संभल)। राजघाट गंगा पर स्नान करते समय गहरे पानी में पैर फिसल जाने पर लखीमपुर खीरी में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर नरेंद्र का 25 वर्षीय बेटा कुलदीप गंगा में डूब गया। साथ आए चचेरे भाई के शोर मचाने पर भीड़ जुट गई। गोताखोर युवक की तलाश कर रहे हैं। देर शाम तक युवक का सुराग नहीं लग सका। युवक अपने चचेरे भाई के साथ अपनी गाड़ी से गंगा स्नान करने राजघाट आए थे।
मंगलवार को बदायूं के थाना इस्लामनगर के सिठोली और हाल निवासी बरेली के रहने वाले कुलदीप पुत्र नरेंद्र अपने चचेरे भाई अभिषेक पुत्र योगेंद्र यादव के साथ राजघाट गंगा स्नान करने को आए थे। दोनों भाई गंगा में स्नान कर रहे थे। तभी कुलदीप का पैर गहरे पानी में चला गया। जिससे वह डूबने लगा। तभी साथ आए अभिषेक ने शोर मचाया तो लोग दौड़ कर पंहुचे। तब तक युवक गंगा में डूब चुका था। गंगा तट पर मौजूद गोताखोरों में युवक की तलाश में गंगा में छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद कोई सफलता नहीं मिली। कोतवाल अखिलेश प्रधान ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम मुरादाबाद से बुलाई गई है। कुलदीप की पत्नी पूजा बैंककर्मी है। चार वर्ष की बेटी भी है। संवाद