सिपाही भर्ती परीक्षा देकर घर पहुंचे एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। उसे लेकर थाने आई। बताया गया कि युवती के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसे पकड़ा है। हालांकि युवती ने उस पर कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।
बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक गांव निवासी युवक को उसकी प्रेमिका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पकड़ लिया। थाने पहुंची युवती ने उस पर कार्रवाई से इनकार कर दिया। युवक-युवती एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं। इसको लेकर युवती के परिजन विरोध रहे हैं।
विज्ञापन
सोमवार को युवती के परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की। इस पर पुलिस ने युवक को पकड़ लिया और उसे थाने ले आई। युवक ने बताया कि उसने प्रेमिका को एलएलबी की पढ़ाई अपने पैसों से कराई। इसके साथ ही ब्यूटी पार्लर भी खुलवाया। दोनों बालिग हैं। युवक ने कहा कि वह धर्म बदलने के लिए भी तैयार है, मगर युवती के परिजन शादी नहीं कराना चाहते। इस पर पुलिस ने युवती को थाने बुलाया।
युवती ने प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। कहा कि वह बस उसे परेशान न करे। इतना कहने के बाद वह थाने से चली गई। युवक ने बताया कि वह पुलिस भर्ती की परीक्षा देकर गांव पहुंचा था। घर आई पुलिस बिना बताए थाने ले आई। सीओ हर्ष मोदी ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।