पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण का रिहर्सल, पहले लाठीचार्ज और आंसू गैस फिर चली गोली
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। अयोध्या प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले शुक्रवार को पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण का रिहर्सल किया गया। डीएम-एसएसपी की मौजूदगी में दंगाइयों पर पहले लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़कर काबू पाने की कोशिश की गई, फिर गोलियां भी चलीं। सुबह सात बजे से करीब डेढ़ बजे तक इस रिहर्सल के दौरान मौजूद रहे डीएम-एसएसपी ने कई बार पुलिस कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए।
रिहर्सल में मुख्य तौर पर महिला रिक्रूट शामिल थीं। रिहर्सल शुरू हुआ तो उपद्रवियों ने पुलिस की चेतावनी के बावजूद आगजनी की। प्रतीकात्मक तौर पर पुलिस के वाहनों में आग लगा दी गई, जवाब में पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया और आंसू गैस छोड़ी, फिर गोलियां भी दागीं। उपद्रवियों ने भी बम फोड़े। पुलिस ने बचाव करते हुए कई दंगाइयों को गिरफ्तार कर लिया, बाकी फरार हो गए। रिहर्सल में अग्निशमन और घुड़सवार दस्ते ने भी हिस्सा लिया। एसएसपी ने इस दौरान खुद हथियार चलाकर देखे और उनके रखरखाव के बारे में जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान सभी एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ भी मौजूद रहे। रिहर्सल का संचालन आरआई हरेंद्र पाल सिंह ने किया।
डीएम-एसडीएम को दी बुलेटप्रूफ जैकेट
पुलिसलाइन पहुंचे डीएम, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट व सभी एसडीएम को आरआई ने बुलेटप्रूफ जैकेट, बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट वितरित किए। इनके साथ चलने वाले पुलिस दस्ते को भी दंगा निरोधक साजोसामान दिया गया।