बरेली में बारादरी थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी अतुल को गिरफ्तार किया है। वह जगतपुर में एक बंद मकान से करीब डेढ़ लाख रुपये नकदी और जेवर चोरी करने के मामले में वांछित था। अतुल को सेटेलाइट बस स्टैंड से पकड़ा गया।
एक अप्रैल को जगतपुर निवासी इमरान खान के घर से डेढ़ लाख रुपये की नकदी और जेवर चोरी हुए थे। इसकी रिपोर्ट बारादरी थाने में दर्ज कराई गई थी। जांच में अतुल का नाम सामने आया। उसके न मिलने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने अतुल की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
दो आरोपी मुठभेड़ में हुए थे गिरफ्तार
एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपी आकाश उर्फ शुभम और अंकित मिश्रा उर्फ सोनू को 16 अप्रैल को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है। मुठभेड़ में आकाश के दाहिने पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने उनके पास से तमंचा, कारतूस और दो कारें बरामद की थीं।