बरेली में धनतेरस पर एडीजी जोन रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य ने त्योहारों के मद्देनजर पुलिस बल के साथ शहर में पैदल भ्रमण किया। लोगों से बातचीत की। उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया।
त्योहारी सीजन में बाजार में खासी भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए पुलिस भी मुस्तैद है। बरेली में धनतेरस पर शनिवार को एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य ने शहर के प्रमुख सराफा बाजार आलमगिरीगंज में पैदल भ्रमण कर व्यापारियों ने मुलाकात की। उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया। व्यापारियों ने मिठाई खिलाकर पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया। इस दौरान अधिकारियों ने वहां के व्यापारी संजीव औतार अग्रवाल व विशाल मेहरोत्रा ने मुलाकात की। साथ ही बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे, पुलिस पिकेट के बारे में भी जानकारी ली। बताया कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
विज्ञापन
वरिष्ठ अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारू रखने व आमजन को सुरक्षा का अहसास कराने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गश्त के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, जुलूस/शोभायात्रा मार्गों तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, ड्रोन/सीसीटीवी कैमरा निगरानी व भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शांति और भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार
एसएसपी ने पुलिस अफसरों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाएं। एसएसपी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि त्योहारों को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी सूचना या समस्या की स्थिति में तत्काल 112 हेल्पलाइन या निकटतम थाना पुलिस से संपर्क करें।