बरेली। मुनाफे का सपना दिखाकर निवेशकों के करोड़ों रुपये डकारने के आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। शैलेंद्र और उसके रिश्तेदार मनीष को प्रेमनगर पुलिस तलाश नहीं कर पा रही है। चर्चा है कि दोनों दुबई निकल गए हैं।
निवेश कराने के बहाने करोड़ों रुपये ठगने के आरोप में शैलेंद्र की पत्नी हेमा राजपूत और उसके गुर्गे रवि व प्रवेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, शैलेंद्र और मनीष के खातों की जांच हुई तो कई लोगों के गले की फांस बन जाएगी। दोनों अपने गुर्गों को कमीशन देते थे। उनके जरिये लोगों से करोड़ों रुपये निवेश के बहाने हड़प लिए।
गुर्गों ने कमीशन से लाखों रुपये की संपत्ति बना ली है। गुर्गों के झांसे में आकर उनके रिश्तेदारों और अन्य लोगों ने अपने लाखों रुपये शैलेंद्र को दिए थे, जिसे लेकर वह भाग निकला। सूत्रों के मुताबिक शैलेंद्र और उसके साथियों ने जिन लोगों की रकम हड़पी, उनमें से ज्यादातर शिकायत करने से कतरा रहे हैं।
निवेशक शैलेंद्र को खोजने उसके दोस्त के पास हिमाचल प्रदेश तक गए। वहां पता लगा कि दोनों दुबई निकल गए हैं। प्रेमनगर पुलिस शैलेंद्र और मनीष के पासपोर्ट की जानकारी जुटा रही है।
इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि आरोपी विदेश जाएंगे तो वीजा से पहले स्थानीय पुलिस से जानकारी ली जाएगी। फिलहाल ऐसी कोई जानकारी नहीं मांगी गई है। ब्यूरो