बरेली। रसोई गैस की किल्लत के बीच सघन आबादी वाले इलाकों में सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क के विस्तार की कवायद तेज कर दी है। पटेल विहार, चौकी चौराहा, चौपुला, सुभाषनगर, आंचल कॉलोनी में पीएनजी लाइन प्रोजेक्ट पर जल्द कार्य शुरू होगा। फिर डीएम, एडीएम कंपाउंड, जजेज और पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में भी पीएनजी लाइन बिछाने की पहल होगी।
अधिकारियों के मुताबिक, पीएनजी लाइन बिछाने के लिए पिछले साल ही सर्वेक्षण हो गया था। हजारों लोगों ने इस कार्य में सहयोग और नियमानुसार कनेक्शन लेने पर सहमति जताई थी। इसी आधार पर लोक निर्माण विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड समेत अन्य संबंधित विभागों से एनओसी मिल गई थी। अब नगर निगम से एनओसी मिलने के बाद कार्यदायी एजेंसी पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू कराएगी। दावा है कि काम तेजी से पूरा किया जाएगा, ताकि एलपीजी किल्लत के बीच लोगों को सहूलियत दी जा सके।
सीयूजीएल के अधिकारी अभिषेक राहिल के मुताबिक, परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले मुख्य मार्गों और चौड़ी सड़कों के किनारे मुख्य पाइप लाइन डाली जाएगी। फिर गलियों में सेकेंड्री लाइन बिछेगी। इसके बाद लोगों के घरों में पीएनजी मीटर और कनेक्शन होंगे।
माह भर से एलपीजी की किल्लत की वजह से उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी समय पर सिलिंडर नहीं मिल रहे। कई इलाकों में शादियों और आयोजनों पर भी असर पड़ा है। विषम परिस्थिति में पीएनजी एक स्थायी विकल्प बन रहा है। माहभर में ही घरेलू कनेक्शन के लिए करीब चार सौ नए आवेदन आए हैं। फैक्टरी, होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट में कॉमर्शियल कनेक्शन के लिए भी आवेदन आए हैं।
सीयूजीएल के क्षेत्रीय महाप्रबंधक जितेंद्र गौतम के मुताबिक, पीएनजी के नए कनेक्शन पर छूट की समयसीमा 31 मार्च से बढ़ाकर अब 30 अप्रैल कर दी गई है। 2000 रुपये की छूट के बाद पांच हजार रुपये में नया कनेक्शन होगा। पहले बिल पर 500 रुपये छूट मिलेगी। बताया कि शहर की अन्य घनी आबादी वाले क्षेत्रों को भी पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने की योजना है, ताकि लोगों को सस्ता, सुलभ, सुरक्षित ईंधन मिल सकें।
सीयूजीएल अधिकारी के मुताबिक, जिले में पीएनजी के 56,789 कनेक्शन हैं। पीएनजी सप्लाई की लाइन बदायूं रोड, सिविल लाइंस, सेटेलाइट, शाहजहांपुर रोड, मिनी बाइपास रोड, मठ लक्ष्मीपुर रोड, रहपुरा रोड, रामपुर रोड, सीबीगंज, हार्टमन कॉलेज, फनसिटी, इज्जतनगर, मुड़िया अहमद नगर, सौ फुटा रोड, महानगर, वीर सावरकर नगर, डेलापीर, संजय नगर, राजेंद्र नगर, तहसील फरीदपुर में है।