बरेली। शाहजहांपुर में 18 दिसंबर को गंगा एक्सप्रेस वे का शिलान्यास करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान वायुसेना के त्रिशूल हवाई अड्डे पर उतरेगा। यहां से वह हेलिकॉप्टर से शाहजहांपुर रवाना होंगे। अफसरों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ से प्रयागराज के बीच बनने वाले गंगा एक्सप्रेस वे का 18 दिसंबर को शाहजहांपुर में शिलान्यास करेंगे। अफसरों का कहना है कि शाहजहांपुर में हवाई जहाज उतरने की व्यवस्था नहीं है इसलिए प्रधानमंत्री का विमान त्रिशूल हवाईअड्डे पर उतरेगा। यहां उनकी अगुवाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले से मौजूद होंगे और फिर उन्हीं के साथ हेलिकॉप्टर से शाहजहांपुर रवाना होंगे। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री फिर बरेली आएंगे और हवाईजहाज से दिल्ली लौटेंगे। इस दौरान प्रमुख स्थानीय अधिकारी और कुछ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम की सूचना मिलते ही अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि डीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई अधिकृत सूचना नहीं मिली है।