बरेली। राजेंद्रनगर में शनिवार सुबह छह बजे से ठप पानी की आपूर्ति देर शाम तक सुचारू नहीं हो सकी। यहां ए ब्लॉक में बांके बिहारी बरातघर के पीछे पानी की टंकी के निर्माण के लिए खोदाई का काम चल रहा है। खोदाई के दौरान पानी की पाइप लाइन टूट जाने से आपूर्ति बाधित हो गई। देर शाम तक मरम्मत का काम चलता रहा।
निर्माण विभाग की टीमें सुबह तीन बजे से ही खोदाई का काम कर रहीं हैं। करीब छह बजे गहरी खोदाई के दौरान यहां पानी की पाइप लाइन टूट गई और आपूर्ति बाधित हो गई। पार्षद सतीश कातिब ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे लेकिन इतनी देर में गड्ढे में ज्यादा पानी भर जाने से मरम्मत नहीं हो सकी। जलकल की टीम को सूचना दी गई लेकिन शाम तक मरम्मत का काम नहीं हो सका। जलकल जीएम राजेश यादव ने बताया कि गहरी खोदाई में लाइन टूटने से पानी भर गया। वहां से पानी निकलवाकर मरम्मत का काम जारी है। देर शाम में आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।