लखनऊ निवासी युवती बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा है। बताते हैं कि छात्रा सोशल मीडिया का एक एप प्रयोग करती थी। उसी एप के माध्यम से उसकी मुलाकात अलापुर थाना क्षेत्र के गांव दारानगर निवासी युवक से हुई थी। युवक फरीदाबाद में एक होटल में मैनेजर है। काफी समय तक उनकी मोबाइल पर बात चलती रही। 10 जून को उन्होंने शादी कर ली। उसके बाद छात्रा युवक के घर आकर रहने लगी। इसी दौरान उसने पुलिस की वर्दी में फेसबुक पर कई फोटो वायरल किए तो गांव में चर्चा का विषय बन गया। छात्रा गांव में पुलिस की वर्दी पहनकर आई तो उसका जोरदार स्वागत भी किया गया। उसका यह फोटो भी वायरल हो रहा है।
बाद में ग्रामीणों को धीरे-धीरे उसकी हकीकत पता चली तो उन्होंने ने भी उसके फोटो वायरल कर दिए। इससे पुलिस ने रविवार शाम छात्रा और उसके पति को थाने बुलाकर पूछताछ की। हालांकि छात्रा का कहना है कि उसने रील बनाने के लिए फोटो खिंचवाए थे और सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि छात्रा को बुलाकर पूछताछ की गई। अभी उसको घर भेज दिया गया है। मामले की जांचकर इसमें कार्रवाई कराई जाएगी।