बरेली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्षी दलों को धोखेबाज बताते हुए मतदाताओं से अपील की कि वे उनके झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में जब लोग परेशान थे तो भाजपा के नेताओं से लेकर कार्यकर्ता तक उनकी मदद में लगे हुए थे लेकिन विपक्षी दल सिर्फ टीवी और ट्विटर पर दिखाई दे रहे थे।
जेपी नड्डा शुक्रवार को इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के सभागार में प्रभावी मतदाता संवाद में बोल रहे थे। उन्होंने सपा पर हमला करते हुए कहा कि सपा सरकार ने रामपुर के सीआरपीएफ कैंप पर हमला करने वाले आतंकियों के केस वापस लेने की सिफ ारिश की थी। देश-प्रदेश के लोग यह भूले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने जो वादे किए, उन्हें पूरा किया है। हम अपना रिपोर्ट कार्ड पेश कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति बदल दी है। उनके मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है। हमने लगातार काम किया है और आगे भी करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर और वाराणसी में भव्य विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण कराया है। देश के प्रत्येक व्यक्ति तक मुफ्त वैक्सीन पहुंचाई है। जब वैक्सीन आई तो विपक्षियों ने इसे मोदी की वैक्सीन बताकर लोगों में भ्रम पैदा करने की कोशिश की। विपक्षी दल सिर्फ चुनाव में लुभावने वादे करते हैं। इन धोखेबाज लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।