प्रधानमंत्री के दीपक और टॉर्च की फ्लैश लाइट जलाने की अपील का शहर में व्यापक असर दिखा
बरेली। कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से रविवार रात नौ बजे, नौ मिनट के लिए अपने घरों की लाइट बंद करने का आग्रह किया था। इसके तहत नौ मिनट सिर्फ घरों के बाहर और बालकनी पर मोमबत्ती, दीये, मोबाइल व टॉर्च फ्लैश लाइट से रोशनी करना है। इस दौरान घरों के अन्य उपकरण यथावत चालू रखने को कहा गया है। लोगों ने इस आह्वान को देखते हुए बाजारों में मोमबत्ती और दीयों की खूब खरीदारी की। ग्राहकों ने मोमबत्ती आदि की खरीदारी सुबह दस बजे से पहले ही कर ली। बाद में स्थिति ये हो गई कि व्यापारियों की दुकानों का स्टॉक ही खत्म हो गया। इसलिए ज्यादातर लोगों ने दीये खरीदे।
रविवार सुबह से ही बाजारों में मोमबत्ती की मांग बढ़ गई। श्यामगंज, कुतुबखाना, सुभाषनगर, कैंट, राजेंद्र नगर, किला, सीबीगंज आदि इलाकों में लोगों ने नौ मिनट प्रकाश पर्व मनाने के लिए मोमबत्तियां खरीदीं। कालीबाड़ी, बानखाना आदि इलाकों में दीपक की खूब खरीदारी हुई। दीपक बनाने वाले लोगों का कहना था कि बेमौसम दीपकों की खरीदारी से हमारी आमदनी बढ़ गई है। क्योंकि दीपकों का इस्तेमाल ज्यादातर दीपावली पर ही होता है। बोले, पीएम मोदी के आह्वान का हमें आर्थिक फायदा हुआ है। दुकानदारों ने मोदी का आभार जताते हुए कहा कि मोमबत्ती की अचानक मांग बाजार में बढ़ी। लोगों ने इसकी खरीदारी शनिवार से ही शुरू कर दी थी, लेकिन रविवार को ज्यादा मांग बढ़ गई। इससे उनका पुराना स्टॉक भी क्लियर हो गया।
बाजारों में 50 रुपये सैकड़ा से लेकर 60 रुपये सैकड़ा तक दीये बिके। कोहाड़ापीर पर दुकान लगाने वाली गायत्री प्रजापति ने बताया कि रविवार सुबह से दोपहर तक उन्होंने पांच हजार से भी ज्यादा दीपक बेचे। वहीं बिहारीपुर में डलाव वाली मठिया पर दुकान लगाने वाले बब्बू ने बताया कि मोहल्ले में रोज से कुछ ज्यादा ही दीपक बिके, लेकिन लोगों ने उत्साह नजर आया।