बरेली। दिल्ली से डिब्रूगढ़ के बीच चलने वाली 20506 राजधानी एक्सप्रेस में द्वितीय श्रेणी के कोच का एसी खराब हो गया। जंक्शन पर यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया और हंगामा भी किया। इस दौरान ट्रेन 45 मिनट तक जंक्शन पर खड़ी रही। एसी ठीक करने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस के बरेली आने का समय अपराह्न 3:24 बजे का है। बृहस्पतिवार को यह ट्रेन जंक्शन पर 3:53 बजे आई। इससे पहले रामपुर के पास ही ट्रेन के कोच का एसी खराब हो गया था। यात्रियों ने इसकी शिकायत भी दर्ज कराई। उनसे बरेली में एसी ठीक कराने के लिए कह दिया गया, लेकिन यहां एसी ठीक कराए बिना ही ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया। इससे नाराज यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और हंगामा शुरू कर दिया।
बाद में मेंटीनेंस स्टाफ ने एसी ठीक किया। तब 4:43 बजे राजधानी एक्सप्रेस को यहां से रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि वह अवकाश पर हैं। मामले की सूचना मिली थी। एसी ठीक कराने के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया। संवाद