रेल यात्रियों की एक और सुविधा जल्द खत्म हो सकती है। रेलवे ने घाटे में चल रही पैसेंजर ट्रेनों को बंद करने का फैसला किया है। इसके लिए जंक्शन से इलाहाबाद, चंदौसी, अलीगढ़ और आगरा के लिए चलने वाली 10 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों के घाटे का आकलन करने के लिए उनकी आमदनी का ब्योरा मांगा गया है। इसके बाद घाटे वाली ट्रेनों को हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा।
हर स्टेशन देगा ट्रेनों को ब्योरा
जंक्शन से बरेली-चंदौसी पैसेंजर, बरेली-दिल्ली पैसेंजर, बरेली-बांदीकुई पैसेंजर, बरेली-इलाहाबाद पैसेंजर, बरेली-रोजा पैसेंजर चलती हैं। इनमें बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर और बरेली-चंदौसी पैसेेंजर दो बार जंक्शन से चलती है। जिन ट्रेनों में सिर्फ 45 प्रतिशत यात्री सफर करते हैं, उनको हमेशा के लिए बंद किया जाएगा।
मुरादाबाद मंडल ने ऐसी ट्रेनों को ब्योरा हर स्टेशन से मांगा है। दरअसल, 25 मार्च 2020 तक करीब 10 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें रोजाना जंक्शन से चलती थीं। अब केवल बरेली-दिल्ली पैसेंजर को एक्सप्रेस बनाकर चलाया जा रहा है। जंक्शन से चलने वाली कितनी ट्रेनें बंद होंगी, यह अक्तूबर में पता चल सकेेगा।
डिब्रूगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस में चेन पुलिंग, पांच मिनट खड़ी रही
जंक्शन पर अमृतसर से पहुंची डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस दो मिनट रुकने के बाद चलने पर किसी यात्रा ने चेन पुलिंग कर दी। चेन पुलिंग होने पर आरपीएफ अलर्ट हो गई। आरपीएफ ने चेन पुलिंग करने वाले को तलाशा, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन दोबारा चल दी। स्टेशन मास्टर ने चेन पुलिंग की सूचना रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद भेज दी है।