डेलापीर-एयरपोर्ट, पीलीभीत रोड-एयरपोर्ट मार्ग बनेंगे सिक्सलेन
डेलापीर-एयरपोर्ट, पीलीभीत रोड-एयरपोर्ट मार्ग को भी सिक्सलेन किया जाएगा। इससे यातायात और सुगम हो जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं पर भी जल्द काम शुरू हो जाएगा। एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि सभी परियोजनाओं पर 2028 तक काम पूरा कर लिया जाएगा। बरेली-मथुरा हाईवे, देवचरा-भमोरा बाइपास और झुमका-रजऊ परसपुर रिंग रोड का काम 2027 के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
महेशपुंरा क्रॉसिंग पर बनेगा फ्लाईओवर
लाल फाटक रेलवे क्रॉसिंग पर फोरलेन प्लाईओवर का निर्माण पहले ही हो चुका है। महेशपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर भी फ्लाईओवर बनाया जाएगा। एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय आउटर रिंग रोड परियोजना को इस तरह से डिजाइन किया गया है, ताकि बरेली से होकर गुजरने वाले वाहन बाइपास गुजर जाएं और बेहतर रफ्तार व सड़क कनेक्टविटी बनी रहे। इस परियोजना में झुमका-रजऊ परसपुर के बीच बन रहा 29.29 किलोमीटर का बाइपास भी शामिल है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय आउटर रिंग रोड परियोजना का खाका तैयार है। इस पर जल्द काम शुरू हो जाएगा। सभी नेशनल और स्टेट हाईवे के साथ जनपद स्तरीय मार्ग भी परियोजना से कनेक्ट किए जाएंगे। गंगा एक्सप्रेसवे और प्रस्तावित गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे भी परियोजना को कनेक्ट करेगा।