फरीदपुर। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित फरीदपुर टोल प्लाजा के पास सोमवार तड़के अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी दिशा में जाकर खाई में पलट गया। हादसे के बाद चालक केबिन में फंस गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम ने उसको निकालकर अस्पताल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शी इस्माइल ने अग्निशमन केंद्र फरीदपुर को सोमवार सुबह घटने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने विभत्सता देखकर फायर सर्विस बरेली से एडवांस रेस्क्यू व्हीकल को बुलाया। फायर ब्रिगेड की टीम, स्थानीय पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। हाइड्रोलिक टेलीस्कोप जेट, स्प्रेडर, बोल्ट कटर, सबल और हथौड़े से ट्रक के केबिन और स्टीयरिंग को काटकर चालक को निकाला। फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल चालक को पुलिस ने एक निजी एंबुलेंस से बरेली के अस्पताल भेजा है।
सीतापुर से आ रहा था ट्रक - प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, अनियंत्रित ट्रक सीतापुर से रामपुर की ओर आ रहा था। उसपर यूकेलिप्टस की लकड़ी लदी हुई थी। चालक की पहचान सीतापुर के पिसावा निवासी ब्रजेश मिशा के बेटे शिवपूजन के रूप में हुई है।