बरेली। जिला विज्ञान क्लब और सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था संकल्प के तत्वावधान में सोमवार को विष्णु इंटर कॉलेज में भूगर्भ सप्ताह के समापन पर जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। वरिष्ठ समाजसेवी इंद्रदेव त्रिवेदी ने बताया कि स्टूडेंट और शिक्षकों ने जल समेत पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। जिला विज्ञान क्लब ने कॉलेज में जल के परीक्षण के लिए किट वितरित कीं।
भूगर्भ जल सप्ताह के अवसर पर रितेश साहनी और रामपाल चौहान ने जल विषयक कविता प्रस्तुत कर समा बांध दिया। संघ के अध्यक्ष सुरेश मिश्र ने वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का सुझाव शहरवासियों को दिया।संकल्प के मंत्री गुरविंदर सिंह ने जल संरक्षण का महत्व बताया। उप प्रधानाचार्य अरविंद कुमार ने पोस्टर प्रश्नोत्तरी, भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता रोहन, आदित्य, रोहित, इमरान, दीपक, सिद्धांत और आयुष को पुरस्कृत किया। संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने किया। यहां विनोद गुप्ता, डॉ. शरद कांत शर्मा, विपुल मिश्र व अन्य का सहयोग रहा।