बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में अध्ययनरत स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के छात्र-छात्राओं के स्पेशल बैक परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन आज से भरे जाएंगे। स्नातक के पंचम व षष्ठम और परास्नातक के तृतीय व चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थी पांच अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। महाविद्यालयों की ओर से ऑनलाइन आवेदन पत्रों को सत्यापित करने की अंतिम तिथि छह अगस्त रखी गई है।
स्नातकोत्तर (एमए, एमएससी, एमकॉम) के ऐसे विद्यार्थी जो प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर उत्तीर्ण कर चुके हैं तथा तृतीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर को मिलाकर अधिकतम चार मुख्य प्रश्न पत्रों (लिखित एवं प्रयोगात्मक) में अनुत्तीर्ण हैं, वे ही इस स्पेशल बैक परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे। स्नातक (बीए, बीएससी, बीबीए व बीएससी गृह विज्ञान) के वे विद्यार्थी जो चतुर्थ सेमेस्टर तक की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं, मगर पंचम एवं षष्ठम सेमेस्टर दोनों को मिलाकर अधिकतम पांच मुख्य प्रश्नपत्रों (लिखित एवं प्रयोगात्मक) में अनुत्तीर्ण हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि स्नातक के विद्यार्थियों के लिए ध्यान देने वाली बात यह है कि अनिवार्य योग्यता विषयों को इन पांच मुख्य प्रश्नपत्रों में शामिल नहीं किया जाएगा। स्नातक के पंचम एवं षष्ठम सेमेस्टर की स्पेशल बैक परीक्षाएं बहुविकल्पीय पैटर्न पर आयोजित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सम सेमेस्टर के अंतर्गत द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर के बैक परीक्षा परिणामों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। प्रशासन के अनुसार, इन सेमेस्टरों का परीक्षाफल घोषित होने की प्रक्रिया में है। जिन छात्रों ने द्वितीय, चतुर्थ या षष्ठम सेमेस्टर की बैक परीक्षा के लिए आवेदन किया था, उनके परीक्षा फॉर्म परिणाम घोषित होते ही स्वतः खुल जाएगा।