बरेली। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार की अध्यक्षता में नगर क्षेत्र के प्रधानाचार्यों, जनपद के समस्त विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों और क्रीड़ा प्रभारियों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी खेल आयोजनों की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं की तिथियों और आयोजन स्थलों पर चर्चा की गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने सभी जनपदीय, मंडलीय तथा प्रदेशीय प्रतियोगिताओं को पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में सर्वसम्मति से नईम अहमद को एक बार फिर जनपदीय क्रीड़ा सचिव नामित किया गया। इसके साथ ही प्रमुख प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
बरेली को आवंटित प्रदेशीय विद्यालयी बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता के आयोजन का दायित्व पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज को दिया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन सितंबर के तीसरे सप्ताह में स्पोर्ट्स स्टेडियम के दोनों बैडमिंटन हॉल में होगा। प्रदेशीय विद्यालयी सेपक टाकरा प्रतियोगिता कराने का दायित्व आरएन टैगोर इंटर कॉलेज कैंट को दिया गया। यह प्रतियोगिता एक से तीन अक्तूबर तक मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम कैंट में आयोजित की जाएगी।
जनपदीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में स्पोर्ट्स स्टेडियम बरेली के सिंथेटिक ट्रैक पर आयोजित की जाएगी। सभी आयोजनों के शुभारंभ और समापन समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की जिम्मेदारी बालिका विद्यालयों के प्रधानाचार्य को सौंपी गई।